Site icon Swaraj Bharat News

(DUSU) अध्यक्ष रौनक खत्री और प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला के बीच कक्षा में गर्मी के मुद्दे पर बहस

गर्मी से निपटने के लिए एक अनोखे प्रयास में दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला को कक्षा की दीवारों पर गाय का गोबर लगाते देखा गया। उन्होंने इसे गर्मी से जुड़ी शिकायतों का देसी समाधान बताया। इस प्रयास का एक वीडियो प्रिंसिपल ने खुद कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप पर शेयर किया। प्रिंसिपल ने ग्रुप पर लिखा, ‘सी ब्लॉक में गर्मी की शिकायतों को दूर करने के लिए देसी तरीके अपनाए जा रहे हैं। यहां कक्षाएं लगाने वालों को जल्द ही ये कमरे नए रूप में मिलेंगे। आपके शिक्षण अनुभव को और अधिक आरामदायक बनाने के प्रयास चल रहे हैं।’ कुछ देर बाद दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष रौनक खत्री ने वीडियो शेयर किया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए सभी को बताया कि वह कल प्रिंसिपल ऑफिस की दीवार पर गाय का गोबर लगाने आएंगे। खत्री ने कहा कि यह कदम प्रिंसिपल द्वारा ‘गर्मी से बचने के लिए’ कक्षाओं को गाय के गोबर से लीपने के कदम के विरोध में की गई हैं।

इसके बाद खत्री कुछ छात्रों के साथ लक्ष्मीबाई कॉलेज पहुंचे। प्रिंसिपल अपने कार्यालय में नहीं थीं, लेकिन रौनक खत्री ने अपने वीडियो में जो कहा था, वह किया। उन्होंने प्रिंसिपल के कार्यालय और वॉशरूम की दीवार को गाय के गोबर से लिप दिया। खत्री ने यहां तक ​​कहा कि जो एसी प्रिंसिपल ऑफिस में लगा है, उसे क्लासरूम में लगाया जाना चाहिए। इस घटना के बाद लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्रिंसिपल उनके कार्यालय में आईं और पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि उन्होंने कक्षा की दीवार पर गाय के गोबर से प्लास्टर किया है, क्योंकि यह एक शोध परियोजना थी। उन्होंने कहा कि ‘पारंपरिक भारतीय ज्ञान का उपयोग करके ताप तनाव नियंत्रण का अध्ययन’ शीर्षक वाला अध्ययन अभी भी प्रगति पर है। मैं एक हफ्ते बाद पूरा शोध बताऊंगा। यह शोध पोर्टा केबिन में किया जा रहा है। मैंने एक पोर्टा केबिन को खुद लेपित किया, क्योंकि प्राकृतिक मिट्टी को छूने से कोई नुकसान नहीं होता। कुछ लोग बिना पूरी जानकारी के गलत बातें फैला रहे हैं,” प्रत्युष वत्सला ने कहा।

रिपोर्ट :– अभिनव गुप्ता

 

Exit mobile version