
दिल्ली में चुनाव परिणाम घोषित होने के 11 दिन बाद बुधवार को आखिरकार दिल्ली को नया अपना मुख्यमंत्री मिल गया। भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों की हुई बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर महुर लगी। अब सीएम के नाम के एलान के बाद रेखा गुप्ता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगी
गुरुवार दोपहर रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के अन्य छह सदस्य पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। नेता के चुनाव के लिए बैठक आज शाम पार्टी कार्यालय में हुई।
वहीं पर रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जोरों पर है। समारोह स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के उपराज्यपाल और नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री बैठेंगे। वहीं, दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। तीसरे मंच पर सांसदों और विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगi
जब दिल्ली के सीएम शपथ ले रहे होंगे। उस दौरान एक लाख लोगों मौजूद होंगे। जिनमें 50 हजार अंदर तथा 50 हजार बाहर होंगे। शपथ ग्रहण के बाद सभी में लड्डुओं का वितरण होगा। लड्डू वितरण की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को दी गई है। वीवीआईपी लोगों की एंट्री के लिए चार गेट बनाए गए हैं। इन पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। वीवीआईपी गेस्ट के अलावा किसी को भी बिना तलाशी के एंट्री नहीं दी जाएगी
रेखा गुप्ता का जीवन परिचय
हरियाणा के जींद की मूल निवासी रेखा गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता रहा है। उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी गुप्ता के पास प्रशासनिक अनुभव है। वह बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता रही हैं। वह वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं। 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।
रिपोर्ट : विनय चतुर्वेदी